' डर '
अब किसे समझाऊं,और कैसे समझाऊं कि डर क्या होता है ! जो रात में भी रोशनी जला कर सोते हैं सिर्फ़ उन्हें - डर के आगे जीत- नज़र आती है ! सुखद कल्पनाएं अंततः बहुत तकलीफ़ देती हैं, खासकर तब,,,जब हवाओं में परवाज करते ख़यालात के साथ हमारे पैर ज़मीन से लगते हैं ! डर के आगे जीत किसी ने देखी है ? ज्यादातर डर के आगे जीत नहीं, मुकम्मल डर होता है जो किश्तों की शक़्ल में किस्मत पर नाजिल हो कर किश्तों में हमें आक्सीजन देता है ! जिनके डर के आगे जीत बताई जाती है, दरअसल वहाँ डर नहीं, डर से सेटलमेंट होता है ! इलाके में अवैध दारू बेचने वाले को थाने का डर होता है ? नो,,, थाने से सेटलमेंट ! बलात्कार करने से पहले फांसी की सजा का डर नज़र आता है? नेवर ! क्योंकि बलात्कारी को अपनी जीत पहले से कन्फर्म है ! तो,,,इसमें डर कहां है ? डर के आगे जीत नहीं है, बल्कि बगैर किसी डर के जीत है !
डर हमारा,जीत तुम्हारा,,,,मिले सुर मेरा तुम्हारा ! हमारा मुल्क वीरों से भरा पड़ा है! वो दिन हवा हुए जब समाज और देश के दुश्मनों से लड़ने और शहादत लेने वाले को वीर कहा जाता था ! अब समाज में कई वैरायटी के वीर अंकुर ले चुके हैं ! माफ़ीवीर की चर्चा आये दिन होती है,नफ़रत वीर रक्तबीज की तरह बढ़ गए हैं ! इसी दौर में बिना नेम प्लेट के कथित पुलिस वीर भी देखे जा रहे हैँ ! सोशल मीडिया के वीर सबसे आगे हैं ! इनके वीरोचित कामों से कौन वाकिफ़ नहीं ! आये दिन लोग थोक में गालियां देते रहते हैं! और अगले दिन यह फिर सोशल मीडिया पर नफ़रत की राई छींटते नज़र आते हैं ! ऐसी, समाज और संविधान विरोधी पोस्ट डालते वक़्त भी वह जीत के प्रति कंफर्म होते हैं, उनके और जीत के बीच में कभी डर खड़ा ही नहीं दिखा ! यहां 'डर' को भी डर लगता है !
आजकल ज्ञानेश कुमार को लेकर हंगामा है यूं बरपा ! 13 करोड़ वोट काट दिए ! संविधान, नियम या न्यायपालिका,,,किसका डर लगा ? अलबत्ता वो शरीफ लोग ही डरे हुए हैं,जिनका वोट कट गया है, 'पता नहीं क्या खता हुई-' ! आप आदमी के साथ बहुत झाल झमेला है! उसके सामने इतने डर होते हैं कि 'जीत' कभी दिखाई ही नहीं देती ! कभी-कभी तो वो जीत को भी डर समझ कर हाथ नहीं लगाता ! बाढ़ में भी वो जल्दी घर नहीं छोड़ता कि कोई उसके झुग्गी का दरवाज़ा न निकाल लें ! प्रोफेशनल लोग सूखा और बाढ़ दोनों की राहत सामग्री झटक लेते हैँ और झुरहू के साथ जमालू का नाम विचाराधीन में आ जाता है !गरीब डर के प्रति आश्वस्त होता है और जांच अधिकारी जीत के प्रति ! रघुकुल रीति,,,!
गोसाई जी [ तुलसीदास] ने तो मुगल काल में ही कहा दिया था कि,,,- भय (डर) बिन होय न प्रीत-! इसका मतलब यह है कि,,,प्रीत के लिए भय फर्टिलाइजर का काम करता ! बाबा तुलसीदास ने जो कुछ कहा था वो आज अमृतकाल में ईडी के भय से उपजी प्रीत में देखा जा सकता है ! पार्टी में आधा जन्म निकाल कर खास चुनाव के वक़्त पार्टी छोड़ने वाले को कोई डर नहीं सताता, बल्कि कंफर्म जीत सूँघ कर ही वो कुलांचे भर भरकर विरोधी पार्टी की विरूदावलि गाता है !
मैं अपनी आदत से मज़बूर हूँ ! बहुत सी ऐसी कहावतें मेरे गले में अटकी पडी हैं ! कई तो ऐसी हैं,जिन्हें एक्जामिनेशन में लिख कर मैंने वाहवाही लूटी थी !अब मैं उनके घोर विरोध में हूँ ! डर के आगे जीत को वह लोग भी बड़े गौरव से दुहराते हैं जिनके पास जाड़े की अंधेरी रात में घर से बाहर जाकर 'सफलता पूर्वक' पेशाब करने का भी उदाहरण नहीं है ! ऐसे लोग भी डींग मारते हैं कि--डर के आगे जीत है-!
आज दस अक्टूबर 2026 है !जंतर-मंतर के आसपास इतनी पुलिस खड़ी कर दी गई कि कॉकरोच के समर्थक और नेता पर न मार सकें ! ट्रेन बंद, मेट्रो बंद, रास्ते बंद! आजतक पर एक तंदुरस्त नेता प्रदर्शन करने वालों को प्रगति में बाधक बता रहे हैं ! (पता नहीं उनका इशारा कौन सी प्रगति की ओर है!) आजकल प्रगति देखने का सबका अपना अपना चश्मा है ! जैसी रही भावना जिसकी, प्रगति वैसी ही नज़र आएगी। वर्मा जी को जेठ और सावन दोनों में नज़र आती है ! इधर दिल्ली में, राहुलऔरउनके सियासी सखा अखिलेश को आकाशवाणी में बैठ कर भी प्रगति नज़र नहीं आयी और सात्विक भावना वाले हेमंत विश्व शर्मा को बंगाल का भी विकास नज़र आ रहा है! कभी कभी भय के कारण भी आंखों में दिव्य दृष्टि पैदा हो जाती है!
डर की बात करें तो,, कुछ लोगों को थप्पड से नहीं, प्यार से डर लगता है ! अपना अपना डर है ! वैसे ज्यादातर लोग डर को लेकर झूठ बोलते हैं, बताते ही नहीं कि कि वह किस से डरते हैं और क्यों लेकिन इस बारे में मेरा मानना है कि अमीर नहीं डरता और गरीब को सबसे डरना पड़ता !अमीर आदमी, सर्दी में गर्मी और गर्मी में सर्दी का आनंद ले सकता है ! वहीं गरीब को आँधी, बाढ़, बिजली, सूखा सभी से डर लगता है ! उसके इस डर के आगे कभी कोई 'जीत' नहीँ होती, बल्कि एक कालजयी और मुकम्मल डर बना रहता है,,,जीवन भर !!
[ Sultan Bharti 'Satirist' ]